छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में अतिक्रमण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ राजस्व विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। दुर्ग एसडीएम लक्ष्मण तिवारी ने गुरुवार को बोरसी, हनोदा रोड और मीनाक्षी नगर में अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की। इस दौरान उनके साथ राजस्व विभाग व नगर निगम दुर्ग का अमला भी मौजूद रहा। एसडीएम ने जाते ही पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान जिन-जिन जगहों पर इन अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, प्लाट में तार फेंसिंग और डीपीसी किया गया था, उसे उन्होंने जेसीबी से तोड़ दिया। एसडीएम तिवारी ने बताया कि राजस्व अमले को अतिक्रमण को लेकर हाई अलर्ट पर रखा गया है। फील्ड में बारीकी से नजर रखी जा रही है। कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि बोरसी, हनोदा रोड, मीनाक्षी नगर में अवैध प्लाटिंग की जा रही है। अवैध प्लाटिंग की सूचना मिलते ही वो खुद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। यहां पर फेंसिंग और डीपीसी कराई जा रही थी। इसे हटाने की कार्रवाई निगम अमले द्वारा की गई है।