बुधवार को रायपुर में हुए भाजपा के विरोध प्रदर्शन में बमबारी हुई। भीड़ को तितर-बितर करने पुलिस ने बम फेंके। इनमें धुआं था तेज आवाज थी। इनके झटकों से भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। विधानसभा की ओर बड़ी भीड़ बढ़ रही थी। ये भीड़ तीन बैरिकेड तोड़ चुकी थी। इन्हें खदेड़ने पुलिस जवान ने स्मोक बम फेंका। इससे घायल दो भाजपा कार्यकर्ताओं को अस्पताल भेजा गया। दूसरी तरफ आंदोलन के बीच भाजपा नेताओं से झड़प में प्रशासन ने 15 पुलिसकर्मियों के घायल होने का दावा किया है।भाजपा ने इसे कांग्रेस की बर्बरता करार दिया। प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव घायल कार्यकर्ताओं से मिलने अस्पताल पहुंचे। पुलिस का फेंका बम बेमेतरा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष परमेश्वर वर्मा और केशव साहू नाम के नेताओं पर फटा। इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। साव ने कहा कि हमारे आंदोलन से डरकर हम पर इस तरह बम से हमले किए गए हैं। मगर बीजेपी कार्यकर्ता ऐसे हमलों से डरने और रुकने वाले नहीं हैं। इन दो कार्यकर्ताओं के अलावा पुलिस से झूमाझटकी और बैरिकेड तोड़ते हुए धारदार टीन की शीट्स की वजह से 5 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए।