प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बदली और बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। बिलासपुर में मार्च में सावन सी झड़ी लग गई है। शुक्रवार की रात भी यहां अच्छी बारिश हुई। इसी तरह दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर-चांपा में भी बौछारें पड़ रही हैं।
चारामा-धमतरी रोड में ओले गिरने के बाद रोड पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। राहगीर रुक कर इस पल को कैमरे में कैद करते नजर आए। समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी प्रदेश आ रही है। इसी के कारण राजधानी में भी पिछले दो दिन से मौसम ठंडा है। आज पूरे दिन ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।शुक्रवार की देर शाम और रात में बिलासपुर, कोरबा और जांजगीर-चांपा में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, यहां दिन भर बदली छाई हुई थी। फिर शाम होने के बाद शहर के अधिकांश इलाको में बारिश शुरु हो गई। कोरबा और जांजगीर-चांपा में भी देर रात से बारिश शुरू हो गई।