गुरुवार को केंद्रीय मंत्रीमंडल में अचानक फेरबदल हुए। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू को पोर्टफोलियो बदलते हुए उन्हें पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का भार दिया गया। रिजिजू के बदलाव के बाद अब उनके डिप्टी रहे कानून राज्यमंत्री एसपी बघेल का मंत्रालय भी बदल दिया गया है। कानून राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल को अब कानून मंत्रालय से हटाकर स्वास्थ्य मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एसपी सिंह बघेल को कानून और न्याय मंत्रालय के स्थान पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में नियुक्त किया है। सत्यपाल सिंह बघेल आगरा से लोकसभा के सांसद हैं।