नए संसद भवन के उद्घाटन को लेकर बड़ी बहस छिड़ चुकी है। विपक्ष और बीजेपी आमने-सामने हैं। विपक्ष की आलोचना को BJP ने ‘असंवैधानिक’ बताया और सोमवार को इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं, जो ट्विटर पर एक बड़ी बहस में बदल गई। दरअसल, विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बजाए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नए संसद भवन का उद्घाटन करने को संवैधानिक मर्यादा का उल्लंघन बताया था। विपक्ष ने इसके लिए केंद्र की आलोचना की। विपक्ष का तर्क है कि संसद की प्रमुख होने के नाते राष्ट्रपति को इसका उद्घाटन करना चाहिए। इस बीच, भाजपा ने इसे ‘राष्ट्रीय गौरव’ का विषय बताते हुए कांग्रेस पर ‘सस्ती राजनीति’ करने का आरोप लगाया है।