गुजरात ATS ने अलकायदा के एक बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 4 आतंकी को गिरफ्तार किया है, सभी बांग्लादेश से ताल्लुक रखते हैं। चारों अवैध रूप से अहमदाबाद में रह रहे थे। गुजरात ATS के उप महानिरीक्षक दीपन भद्रन के मुताबिक शुरूआती जांच से पता चला है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के चार सदस्यों को भारत भेजे जाने से पहले बांग्लादेश में ट्रेनिंग दी गई थी। उन्होंने बताया कि इन सदस्यों को अल-कायदा की अवैध गतिविधियों के लिए धन जुटाने, स्थानीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाने, एक विशेष धर्म के प्रति भड़काने और उन्हें आतंकी संगठन से जुड़ने के लिए तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया था। भद्रन ने ATS हेड क्वाटर में मिडिया से बताया कि इन चारों को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और गैरकानूनी गतिविधियां अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अहमदाबाद के विभिन्न जगहों से गिरफ्तार किया गया।