देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर में कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भारतीय पहलवानों का दिल्ली पुलिस ने धरना खत्म करा दिया है। पुलिस के मुताबिक पहलवानों को अब जंतर मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलेगी और उन्हें यहां से हटा दिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस का कहना है कि बार -बार अनुरोध किए जाने के बावजूद कल प्रदर्शनकारियों ने कानून का उल्लंघन किया। इसीलिए धरने को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। जंतर मंतर के अलावा पहलवान किसी अन्य जगह पर प्रदर्शन के लिए मांगते हैं तो दी जाएगी।
दिल्ली पुलिस के पीआरओ सुमन नलवा ने कहा, ‘कल पुलिस ने सभी को शांतिपूर्वक तरीके से हिरासत में लिया था। पहलवान ने हमसे जो मांगा हमने दिया। 38 दिन से पहलवान धरने पर थे। हम खिलाड़ियों के साथ शुरु से कोऑपरेट कर रहे थे। इंडिया गेट जैसी सेंसिटिव जगह पर कैंडल मार्च की इजाजत दी गई थी, लेकिन अब उन्हें यहां प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।’
पीआरओ ने आगे कहा कि कल नई पार्लियामेंट का उद्घाटन था। उन्हें वहां जाने की इजाजत नहीं थी। बावजूद इसके वे बैरिकेड तोड़कर वहां जाने की कोशिश करते रहे। पहलवानों ने कल बहुत तमाशे किए, इसलिए हिरासत में लिया गया।