भारत के स्टार शटलर किदाम्बी श्रीकांत को बीडब्ल्यूएफ सुपर 1000 इवेंट इंडोनेशिया ओपन के क्वार्टरफाइनल मुक़ाबले में हार का सामना करना पड़ा है। किदाम्बी का मुक़ाबला चीन के ली शी फेंग से था। 50 मिनट तक चले इस मुक़ाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। लेकिन आखिरी में ली शी फेंग ने किदाम्बी को 2-1 से हरा सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।इस मैच के पहले गेम में ली शी फेंग ने जोरदार शुरुआत की और किदाम्बी पर एक के बाद एक कई प्रहार किए। इस गेम में किदाम्बी संघर्ष करते हुए दिखे और चीनी खिलाड़ी से 14-21 के बड़े अंतर से हार गए। लेकिन इस हार के बावजूद किदाम्बी का हौसला नहीं टूटा। दूसरे गेम में भारतीय शटलर ने जोरदार वापसी की और चीनी खिलाड़ी पर शुरू से बढ़त बनाई। किदाम्बी ने इस गेम में ली शी फेंग को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और पहले सेट का बदला लेते हुए उन्हें भी 21-14 से हराया।