प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने आज मंगलवार को आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में साईं हीरा ग्लोबल कन्वेंशन सेंटर का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए यहां के श्रद्धालुओं और मेहमानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह आध्यात्मिक सम्मेलनों और अकादमिक कार्यक्रमों का केंद्र होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर भारत की अर्थव्यवस्था से लेकर 5जी तकनीक में देश की सफलता का जिक्र किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये कन्वेंशन सेंटर दुनियाभर के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के लिए एक साथ आने का केंद्र बनकर उभरेगा।पीएम मोदी ने कहा कि हीरा ग्लोबल कन्वेंशन सेंटर के रूप में देश को एक प्रमुख विचार केंद्र मिल रहा है। इस सेंटर में आध्यात्मिकता की अनुभूति भी है और आधुनिकता की आभा भी है। इसमें सांस्कृतिक दिव्यता भी है और वैचारिक भव्यता भी है। साथ ही ये युवा पीढ़ी के लिए बड़ा मददगार साबित होने वाला है।