मानसून द्रोणिका के अंबिकापुर के ऊपर होने का असर बिलासपुर और उससे लगे क्षेत्रों में पड़ा। बुधवार को दिनभर तेज धूप के कारण पारा 36 डिग्री के पार हो गया। लोग उमस और गर्मी से हलाकान रहे। शाम को अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ आकाशीय गर्जना हुई। आकाश मेघमय हो गया और हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही लोगों ने राहत की सांस ली।बुधवार को तेज धूप और उमस के कारण शहर समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों का हाल बेहाल रहा। गर्मी और उमस का असर रात और सुबह के तापमान पर भी पड़ रहा है। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्रीे अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शाम होते ही अचानक मौसम में बदलाव आया। तेज हवाओं के साथ आकाशीय गर्जना हुई और आकाश मेघमय हो गया। इसके बाद हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। इससे दिनभर की उमस और गर्मी से हलाकान लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की।