जी 20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सउद और पीएम मोदी ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बातचीत की। पीएम मोदी ने इस बैठक से पहले राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया। इसके के बाद दोनों देशों के नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी किया।पीएम मोदी ने अपने बयान में कहा कि भारत के लिए सऊदी अरब महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग भी बढ़ रहा है। उन्होंने आगे कहा, ‘आज की बैठक से हमारे संबंधों को एक नई दिशा मिलेगी और हमें मिलकर मानवता की भलाई के लिए काम करते रहने की प्रेरणा मिलेगी। कल हमने भारत, पश्चिमी एशिया और यूरोप के बीच कॉरिडोर स्थापित करने के लिए ऐतिहासिक शुरुआत की है। इससे न केवल दोनों देश आपस में जुड़ेंगे बल्कि एशिया, पश्चिम एशिया और यूरोप के बीच आर्थिक सहयोग, ऊर्जा के विकास और डिजिटल कनेक्टिविटी को बल मिलेगा।’