संसद के विशेष सत्र के दौरान दोनों सदनों में महिला आरक्षण बिल पास हो गया है। इस खुशी में भाजपा मुख्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी पर फूलों की बरसात कर जोरदार स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “आज मैं देश की सभी महिलाओं को बधाई देता हूं। कल और परसों हम एक नया इतिहास बनते हुए देखे। यह हमारा सौभाग्य है कि करोड़ों लोगों ने हमें वह इतिहास रचने का अवसर दिया।”
उन्होंने आगे कहा कि “इस महिला आरक्षण विधेयक की राह में कई बाधाएँ थीं। लेकिन जब इरादे नेक हों और प्रयासों में पारदर्शिता हो, तो हम सभी बाधाओं को पार करते हुए परिणाम देखते हैं। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है कि इस विधेयक को संसद में इतना समर्थन मिला।” मैं इसके लिए सभी राजनीतिक दलों और सांसदों को धन्यवाद देता हूं।”
पीएम ने आगे कहा कि “जब देश में पूर्ण बहुमत की सरकार आई, तब इतना बड़ा काम पूरा हो सका… हमने महिला आरक्षण के सामने किसी के स्वार्थ को दीवार नहीं बनने दिया। इससे पहले जब भी ये बिल संसद के सामने आया तो सिर्फ लीपापोती ही की गई, कभी ठोस प्रयास नहीं किए गए…लोगों ने बिल के लिए वोट तो किया लेकिन कुछ लोगों को ये बात नागवार गुजरी कि ‘नारी शक्ति वंदन’ शब्द क्यों लाया गया है. क्या देश की महिलाओं को सलाम नहीं किया जाना चाहिए?…क्या पुरुषों और हमारी राजनीतिक विचारधारा में इतना अहंकार होना चाहिए कि हम ‘नारी शक्ति वंदन’ पर नाखुश हों? अब, जब स्थिर सरकार है, तो विधेयक एक वास्तविकता है…”