अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज ने आज यानी गुरुवार (2 नवंबर) को फाइनेंशियल ईयर 2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। Q2FY24 में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना (YoY) आधार पर 51% गिरकर 227.82 करोड़ रुपए रहा।कंपनी ने पिछले साल की समान तिमाही में 460.94 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। ऑपरेशंस से Q2 में कंपनी का रेवेन्यू 41% गिरकर 22,517.33 करोड़ रुपए रहा। पिछले फाइनेंशियल ईयर की इसी अवधि में ये 38,175.23 करोड़ रुपए रहा था।ग्रुप ने अडाणी पावर लिमिटेड के भी नतीजे घोषित किए हैं। Q2FY24 में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना (YoY) आधार पर 848% बढ़कर 6,594 करोड़ रुपए रहा। इसमें टैक्स क्रेडिट के रूप में 1,371 करोड़ रुपए का वन टाइम गेन यानी एकमुश्त लाभ शामिल है। कंपनी ने पिछले साल की समान तिमाही में 696 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।ऑपरेशंस से Q2 में कंपनी का रेवेन्यू 84.42% बढ़कर 12,990.58 करोड़ रुपए हो गया। पिछले फाइनेंशियल ईयर की इसी अवधि में ये 7,043.77 करोड़ रुपए रहा था। कंपनी ने कहा कि इसमें डोमेस्टिक कोल की कमी के कारण 1,125 करोड़ रुपए के वन-टाइम प्रायर पिरियड आइटम्स शामिल हैं।
अडाणी पावर का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 202% बढ़कर 4,336 करोड़ रुपए रहा। पिछले साल की समान तिमाही में यह 1,438 करोड़ रुपए रहा था। कंपनी का EBITDA मार्जिन सितंबर तिमाही में 39.8% रहा, पिछले साल की समान तिमाही में यह 13.45% था।
फर्म ने सितंबर तिमाही के लिए 1,945 करोड़ रुपए की अन्य इनकम भी दर्ज की, जिसमें कैरिंग कॉस्ट और लेट पेमेंट सरचार्ज के रूप में 1,656 करोड़ रुपए के वन-टाइम प्रायर पिरियड आइटम्स शामिल हैं।