आठ साल में दीपावली के मौके पर पहली बार हवा की गुणवत्ता बेहतर है। दीपावली से ठीक एक दिन पहले नई दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 228 दर्ज किया गया है। वायु गुणवत्ता के पीछे पटाखों पर पाबंदी, पराली जलाने पर रोक और ट्रक और बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध को बड़ा कारण माना जा रहा है। इसके साथ ही दिवाली से ठीक पहले पाकिस्तानी पश्चिमी विक्षोभ के कारण 10 नवंबर को रुक-रुक हुई बारिश और हवा की गति तेज हो गई। इसके कारण प्रदूषण हवा में उड़ गया।रविवार को सुबह सात बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 202 दर्ज किया गया। यह पिछले तीन सप्ताह में सबसे बेहतर है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नोएडा में 170, गजियाबाद में 179 और गुरुग्राम में 172 वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया है। 2022 में दिवाली पर AQI 312, 2021 में 382, 2020 में 414, 2019 में 337, 2018 में 281, 2017 में 319 और 2016 में 431 दर्ज किया गया था।