भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने राजस्थान में भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश किया। जोशी ने मंगलवार शाम यहां राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र को इस बारे में पत्र सौंपा, जिसमें शर्मा को मुख्यमंत्री के रूप में विधायक दल का नेता चुन लिए जाने की जानकारी दी।इसके बाद राज्यपाल मिश्र ने भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए आमंत्रित किया।
रक्षा मंत्री और पार्टी पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने मंगलवार शाम यहां राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल मिश्र को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई सरकार के समर्थन में एक सौ पंद्रह विधायकों की सूची भी प्रस्तुत की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने राज्यपाल मिश्र को राजस्थान में मुख्यमंत्री के रूप में भजन लाल शर्मा के नाम का पत्र प्रस्तुत किया। उन्हें विधायक दल का नेता चुने जाने संबंधी पत्र भी सौंपा। राज्यपाल से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा अध्यक्ष के लिए नामित विधायक वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री के रूप में नामित दीया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड व पार्टी के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित अन्य नेता भी शामिल थे।