भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अपने अपडेट में बताया कि अगले तीन-चार दिन पश्चिमोत्तर और आसपास के मध्य भारत के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा रहने की आशंका है, जबकि तटीय तमिलनाडु में 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आईएमडी ने आगे कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6-10 डिग्री सेल्सियस और राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में और झारखण्ड के कुछ भाग में 11-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।राजधानी दिल्ली, यूपी- बिहार समेत पूरा उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कुछ राज्यों में शीतलहर चल रही है, तो कुछ राज्यों में सुबह और रात के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिन न्यूनतम तापमान 4-9 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। बात पिछले 24 घंटे की करें तो, पंजाब और हरियाणा के आसपास के इलाकों में शीतलहर का प्रकोप देखा जा रहा है।