दिल्ली-यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को रेड अलर्ट जारी करते हुए कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत में घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जबकि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर भारत में ठंडे दिन की स्थिति बनी रह सकती है। आईएमडी ने कहा कि समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 130-140 समुद्री मील नॉट की “जेट स्ट्रीम हवाएं” उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में चल रही हैं। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने कहा, ”इससे ठंडी हवाएं नीचे की तरफ आ रही हैं और उत्तर भारत में शीत लहर/ठंडे दिन की स्थिति बढ़ रही है। अगले 3-4 दिनों में जेट स्ट्रीम की इसी तरह की तीव्रता जारी रहने की संभावना है।”आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा कि उत्तरी राजस्थान, दक्षिण हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस और पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, राजस्थान और मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों में 6-10 डिग्री सेल्सियस के बीच है। वहीं दक्षिण हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में यह सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस नीचे है। पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।