टाटा ग्रुप एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का टाइटल स्पॉन्सर बना गया है। टाटा ने 2500 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाते हुए अगले पांच सालों के लोए टाइटल स्पॉन्सरशिप के राइट्स खरीद लिए हैं। इसका मतलब है टाटा बीसीसीआई को प्रति सीजन 500 करोड़ रुपये देगा।
बीसीसीआई के मानद सचिव जय शाह ने कहा, ‘हमें आईपीएल के शीर्ष प्रायोजक के रूप में टाटा समूह के साथ साझेदारी की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। लीग ने कौशल, उत्साह और मनोरंजन के अपने बेजोड़ मिश्रण के साथ दुनिया भर के दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। इसी तरह टाटा समूह विभिन्न वैश्विक क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाते हुए, उत्कृष्टता के प्रतीक के रूप में उभरा है। यह सहयोग विकास, नवाचार और उत्कृष्टता के प्रति पारस्परिक समर्पण की भावना का प्रतीक है।’
विविध कार्यक्षेत्रों वाले टाटा समूह ने 2500 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड मूल्य पर बीसीसीआई के साथ अपने सहयोग को नवीनीकृत किया है, जो लीग के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक प्रायोजन राशि है। टाटा के अलावा आदित्य बिड़ला ग्रुप (एबीजी) ने राइट्स खरीदन में दिलचस्पी दिखाई। एबीजी ने 2500 करोड़ की बोली लगाई। वहीं, टाटा ग्रुप राइट-टू-मैच कार्ड का इस्तेमाल करते हुए एबीजी जितनी रकम देने पर राजी हो गया।