पहाड़ी इलाको पर देर से ही सही लेकिन बर्फबारी ने जोर पकड़ लिया है। गिलगित बाल्टिस्तान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे राज्यों में पिछले कुछ दिनों से हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है।पंजाब से लेकर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार जैसे राज्य भीषण ठंड की चपेट में हैं। एक तरफ शनिवार को जहां दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्का बादल छाने से ठंड से थोड़ी राहत जरूर महसूस की गई। वहीं, उत्तर प्रदेश और बिहार में पिछले कुछ दिनों से कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान पिछले कुछ दिनों के मुकाबले ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। वहीं, राजस्थान में मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को फिलहाल भीषण ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इन दोनों राज्यों में न्यूनतम पारे में गिरावट और तेज हवा ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। हालांकि कड़ाके की सर्दी के बीच अयोध्या में सुबह से भक्तों की भीड़ लग रही है। वहीं, बिहार में तो पिछले कई दिनों से ठीक से धूप तक नहीं निकली है। इस वजह से कनकनी काफी ज्यादा बढ़ गई है। मौसम विभाग ने भी इन दोनों राज्यों में कोल्ड डे घोषित किया है।