मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मानव जीवन भाग्य से मिलता है और भाग्य को सौभाग्य में बदलने का रास्ता एनसीसी से प्राप्त होता है। भारत एक बड़ी आबादी वाला देश है। इसमें जल, वायु, थल सेना की संख्या मात्र साढ़े तेरह लाख है और इन साढ़े तेरह लाख जवानों पर पूरा देश अपनी सुरक्षा का विश्वास करता है। हमारी सेना हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। सेना की इस गौरवशाली परम्परा से जुड़ने का मार्ग एनसीसी से निकलता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह 2024 के अवसर पर लगे कैम्प में शामिल हुए राष्ट्रीय कैडेट्स कोर के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ निदेशालय के प्रतिभागियों को आज मुख्यमंत्री निवास परिसर में संबोधित कर रहे थे। डॉ. यादव ने कहा कि घुड़सवारी में 6 पदक जीतना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कैडेट्स द्वारा अर्जित की गईं उपलब्धियाँ सराहनीय हैं। सभी कैडेट्स बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपलब्धियां प्राप्त करने वाले कैडेट्स को सम्मानित भी किया। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा 6 लाख 25 हजार रूपए के पुरस्कार के रूप में चैक भी प्रदान किए गए।