जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से शहर सहित अंचल का मौसम बिगड़ गया है। शनिवार की शाम शहर में काली घटाएं छा गई। इससे बारिश की संभावना बन गई है। सिस्टम उत्तरी गुजरात के पास था। यह राजस्थान होते हुए आगे की ओर बढ़ रहा है। 4 फरवरी को यह ग्वालियर चंबल संभाग के पास से गुजर सकता है, जिससे 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की गति से आंधी चलेगी। बारिश के साथ-साथ कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि के आसार जताए हैं। 24 घंटे में बारिश होगी। कृषि वैज्ञानिक का कहना है कि यदि ओलावृष्टि होती है तो चना, सरसों, मसूर को भारी नुकसान होगा। गेहूं को नुकसान आएगा। मौसम विभाग की भविष्यवाणी से किसान चिंतित हैं।शुक्रवार-शनिवार की रात आसमान साफ होने से न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। इससे रात में सर्दी की चुभन बढ़ी गई। दिन में धूप निकलने से मौसम बदल गया। शाम 4 बजे आसमान में काली घटाएं छा गई। बारिश जैसी स्थिति बन गई। बादलों के चलते शाम को ठंडक का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा।