समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक संपन्न;

समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक संपन्न;

कलेक्टर श्री मनोज पुष्प की अध्यक्षता में समय सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय एवं जिला मुख्यालय के अधिकारी उपस्थित थे, जबकि अन्य सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
        कलेक्टर श्री पुष्प ने निर्देश दिए कि समय सीमा के सभी प्रकरणों में पोर्टल पर जवाब दर्ज हो जाएं। सोमवार से कक्षा 10 वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं, प्रश्न पत्रों का पूरी सुरक्षा के साथ समय पर वितरण सुनिश्चित हो, कहीं कोई इश्यू आए तो तत्काल अवगत कराएं। बोर्ड परीक्षा के संबंध में किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी अथवा अफवाहों पर पूरी नजर रखें, अफवाह फैलाने वाले पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। गणित, अंग्रेजी, विज्ञान विषय की परीक्षाओं के दौरान ज्यादा सतर्क रहें। लगातार मॉनिटरिंग होती रहे। मंगलवार से 12 वीं की परीक्षाएं भी प्रारंभ हो रही हैं, सभी एक्टिव मोड में रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
         पीएम जनमन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने योजनावार लक्ष्य पूर्ति की जानकारी सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग से प्राप्त की जिसमें भारिया हितग्राहियों के आधार पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने, लगभग 1400 जाति प्रमाण पत्र जारी होने, 5181 के संभावित लक्ष्य के विरुध्द 7889 आयुष्मान पंजीयन, 14 पीएम वन धन केंद्रों की स्वीकृति, विभिन्न सड़कों के निर्माण की स्वीकृति प्राप्त होने आदि की जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री पुष्प ने पीएम जनमन अभियान से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि 15 फरवरी तक अभियान की सभी योजनाओं में पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित कराएं। इसके बाद जहां किसी भी पात्र व्यक्ति के योजना के लाभ से वंचित रहने की जानकारी देने वाले को पुरुस्कृत किया जाएगा, तो वहीं संबंधित विभाग प्रमुख पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम की तरह जुर्माना लगाया जाएगा। यह व्यवस्था एक मार्च से सभी विभागों पर अन्य योजनाओं के लिए भी लागू हो जायेगी। उन्होंने पीएम जनमन अभियान के अंतर्गत स्वीकृत पीएम आवासों के गुणवत्तापूर्ण और समय पर निर्माण हेतु हितग्राहियों को रॉ मैटेरियल की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित कराने में सहयोग करने के निर्देश संबंधित एसडीएम और सीईओ जनपद पंचायत को दिए हैं, जिससे किसी भी तरह से कोई ठेकेदार उनका शोषण न करने पाए। साथ ही हर 15 दिन में मकानों की प्रगति से अवगत कराएं।
         कलेक्टर ने  फील्ड में नल जल योजनाओं से संबंधित शिकायतें आने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सभी पूर्ण हो चुकी नल जल योजनाओं की जानकारी पंचायत विभाग को देने और संयुक्त रूप से फील्ड पर सत्यापन कर योजनाएं सुचारू हैं अथवा नहीं, इस संबंध में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। आगामी दिवसों में जिले के ब्लॉक तामिया की ग्राम पंचायत हर्राकछार के ग्राम बातरा में प्रस्तावित जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। राजस्व महाअभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने विगत दिनों जिले की 15 रैंकिंग से वर्तमान में प्रदेश में व्दितीय स्थान में पहुंचने पर जिले की राजस्व विभाग की टीम को बधाई दी। साथ ही इसी तरह लगातार प्रयास करते हुए प्रदेश में प्रथम आने के लिए प्रेरित किया। सभी विभागों में संलग्न वाहनों और सभी शासकीय सेवकों के वाहनों में भी हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। आरटीओ श्री तेहनगुरिया को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नंबर बुक करने की प्रक्रिया सभी जिला अधिकारियों से साझा करने के निर्देश दिए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *