कांग्रेस पार्टी से निष्कासन के बाद पहली बार आचार्य प्रमोद कृष्णम की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने पार्टी से निष्कासित करने के लिए कांग्रेस को धन्यवाद दिया है और आजीवन पीएम मोदी के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया है। उन्होंने रविवार को समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ”आज इस उम्र में मैं ये संकल्प ले रहा हूं कि मैं पूरी जिंदगी नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा रहूंगा। ”उन्होंने आगे कहा, “मुझे कल पता चला कि कांग्रेस ने एक पत्र जारी किया है जिसमें कहा गया है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से मुझे अगले छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। मुझे पार्टी से मुक्त करने के लिए मैं कांग्रेस को धन्यवाद देना चाहता हूं।”उन्होंने पार्टी पर सवाल उठाते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल को बताना चाहिए कि कौन सी गतिविधियां पार्टी विरोधी हैं? क्या भगवान राम का नाम लेना पार्टी विरोधी है? क्या अयोध्या जाना पार्टी विरोधी है? उन्होंने इससे पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर राहुल गांधी को टैग करते हुए लिखा था कि राम और “राष्ट्र” पर कोई “समझौता” नहीं किया जा सकता।