भारतीय डिजिटल पेमेंट सर्विस यूपीआई – यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI- Unified Payment Interface) ने देशभर के नागरिकों के लिए रुपये के डिजिटल भुगतान को बेहद ही आसान और सुविधाजनक बना दिया है। इससे न सिर्फ समय बचता है, बल्कि हर समय नकद रखने की ज़रूरत भी खत्म हुई है। देश में बड़ी संख्या में लोग यूपीआई का इस्तेमाल करते हैं। यूपीआई के कमाल से इसकी लोकप्रियता सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बढ़ रही है। साथ ही इसकी डिमांड भी। कुछ समय पहले यूपीआई को फ्रांस में लॉन्च किया गया था। अब आज दो और देश उस लिस्ट में शामिल हो गए हैं जहाँ भारतीय यूपीआई का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इन दोनों देशों का नाम श्रीलंका और मॉरीशस है।भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 12 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे श्रीलंका और मॉरीशस में यूपीआई को एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिए वर्चुअली लॉन्च किया। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और मॉरीशस के पीएम प्रविंद जुगनॉथ भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने।