विज्ञान-तकनीक और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ें, शासन व समाज उनके साथ है – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

विज्ञान-तकनीक और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ें, शासन व समाज उनके साथ है – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिवस विज्ञान में महिलाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करने और इसे रेखांकित करने को समर्पित है। इस उद्देश्य से यह दिन बहुत महत्वपूर्ण है और इस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मैं स्वयं गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूँ। विश्व के सभी देशों की दृष्टि से यह दिन महत्वपूर्ण तो है ही परंतु भारत के संदर्भ में इस अंतर्राष्ट्रीय दिवस की महत्ता और अधिक बढ़ जाती है, क्योंकि हमारी संस्कति में सदैव मातृ शक्ति को सम्मान दिया गया है। हमारे यहाँ ज्ञान की देवी सरस्वती और धन की देवी लक्ष्मी हैं तथा हम देश को भी भारत माता के स्वरूप में स्वीकार करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव महिलाओं की विज्ञान में सहभागिता के अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

देश में महिलाओं के लिए सभी पदों व संभावनाओं के लिए द्वार खुले हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे देश की प्रथम नागरिक महिला ही हैं। राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु देश के सर्वोच्च पद पर विराजमान हैं। यह लोकतंत्र की सुंदरता है, और इस व्यवस्था से यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति हम सबके मन में सम्मान बढ़ा है। यह इस बात का भी संकेत है कि हमारे देश में महिलाओं के लिए सभी पदों व संभावनाओं के लिए द्वार खुले हैं, वे आगे बढ़ने के लिए अपनी ओर से हरसंभव प्रयास करें, शासन और समाज उनके साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *