पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर पश्चिम भारत के मौसम में भारी बदलाव होने के आसार हैं। इसके कारण 22 फरवरी तक उत्तर पश्चिम राज्यों के पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों में बर्फबारी और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ हिस्सों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान भी जताया गया है।मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 फरवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 19 से 22 फरवरी के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश, 19 से 20 फरवरी तक राजस्थान और 20 से 22 फरवरी के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश व उत्तरी मध्यप्रदेश में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 50 किमी प्रति घंटे में तब्दील होने के भी आसार हैं।