हर चुनाव नया चुनाव होता है : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन

हर चुनाव नया चुनाव होता है : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन ने सोमवार को आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी भोपाल में लोकसभा निर्वाचन 2024 की तैयारियों को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के सर्टिफिकेशन प्रोग्राम के पहले चरण के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि हर एक चुनाव नया चुनाव होता है। यह सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य समय पर पूर्ण कर लें। लोकसभा निर्वाचन 2024 के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा भेजे जाने वाले सभी दिशा-निर्देशों का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें। 8 फरवरी को प्रदेश के समस्त मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया अभी चल रही है, ऐसे में जिन मतदाताओं का नाम छूट गया है या जिनकी उम्र एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष से अधिक हो गई है वे नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन की सुविधा प्रदान की गई है। कोई भी नागरिक Voter Helpline App और voters.eci.gov.in इन वेबसाइट पर जाकर अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। श्री राजन ने कहा कि मतदाता सूची पूरी तरह से शुद्ध हो सभी उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी यह सुनिश्चित कर लें। मतदाता सूची में किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम ना हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *