भगवान श्री राम की अयोध्या नगरी में 22 जनवरी को राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान पूरा हुआ था। राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए मंगल ध्वनि के बीच लाल कपड़े पर रखा चांदी का छत्र लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवनिर्मित राम मंदिर की सीढ़ियों पर चढ़े और 84 सेकंड के अभिजीत मुहूर्त के भीतर संकल्प लेकर प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान पूरा किया। इसके बाद वह शेष अनुष्ठानों को पूरा करने के लिए मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के गर्भ गृह में चले गए और विधि पूरी की। इस अवसर पर भगवान राम की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। इस खास दिन का दुनियाभर की मीडिया ने कवरेज किया। मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद मंदिर के द्वार भक्तों के लिए भी खोल दिए गए। राम मंदिर के द्वार भक्तों के लिए खोले हुए एक महीना पूरा हो चुका है और भक्तों का राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन का उत्साह देखते ही बन रहा है।