इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 42वें मुकाबले में टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य भी भेद दिया गया। पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह, जॉनी बेयरस्टो और शशांक सिंह की तूफानी पारी की बदौलत 262 का लक्ष्य भी छोटा पड़ गया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 261 रन बनाए। 262 रन के लक्ष्य को पंजाब किंग्स ने जॉनी बेयरस्टो की शानदार शतक और प्रभसिमरन सिंह-शशांक सिंह की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 18.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। पंजाब के सीजन की यह तीसरी जीत है।262 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत भी धमाकेदार रही और 6 ओवर में ही प्रभसिमरन और जॉनी बेयरस्टो ने मिलकर 93 रन जोड़ दिए। पावरप्ले ओवर की आखिरी गेंद पर प्रभसिमरन 20 गेंदों में 54 रन बनाकर रनआउट हुए। उसके बाद आए राइली रूसो ने 16 गेंदों में 26 रन की पारी खेली लेकिन जॉनी बेयरस्टो जमे रहे और अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद शशांक सिंह ने आते ही तूफान मचाना शुरू किया और पंजाब को 8 गेंद रहते ही जीत दिला दी।