उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उतर गए हैं। मुर्शिदाबाद जिले में बहरामपुर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ. निर्मल कुमार साहा के पक्ष में आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल को हिंदू विहीन करने की साजिश हो रही है।मुर्शिदाबाद जिले में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बंगाल ने भारत को राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दिया। दुनिया के मंच पर स्वामी विवेकानंद ने संदेश दिया था कि ‘गर्व से कहो, हम हिंदू हैं।’ उस बंगाल को आज हिंदू विहीन करने की साजिश का शिकार बनाया जा रहा है। कांग्रेस और टीएमसी बंगाल में दो प्रकार की साजिश कर रही है। पहला यह कि आपके डेमोग्राफी को कम करने और घुसपैठिए को बंगाल में घुसाकर सुनियोजित साजिश के तहत आपकी संख्या को कम करने का प्रयास हो रहा है।