BJP के रहते कभी खत्म नहीं होगा आरक्षण : CM विष्णुदेव साय

BJP के रहते कभी खत्म नहीं होगा आरक्षण : CM विष्णुदेव साय

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के बेमेतरा जिले के नवागढ़ में शनिवार को भाजपा की भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। इसके मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे। अध्यक्षता केबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल ने की। विशेष रूप से विधायक ईश्वर साहू, दुर्ग लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल भी उपस्थित रहे।

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बेमेतरा जिले के तीनों विधानसभा साजा, बेमेतरा व नवागढ़ में 7 मई को मतदान होना है। दुर्ग लोकसभा से भाजपा की ओर से वर्तमान सांसद विजय बघेल चुनावी मैदान में हैं। इनके प्रचार को लेकर शनिवार को सीएम विष्णु देव साय जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने जिले के नवागढ़ में जनसभा को दोपहर 1.30 बजे संबोधित किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जब तक देश मे भाजपा है, तब तक आरक्षण खत्म नहीं होगा। आगे उन्होंने कहा कि खुद पूर्व सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ महादेव सट्टा एप मामले में एफआईआर दर्ज किया गया है। सीएम विष्णु देव साय ने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस कई तरह के अफवाह फैला रही है।

भाजपा के रहते न तो संविधान को खतरा है और न ही एसटी, एससी व ओबीसी आरक्षण खत्म किया जाएगा। प्रदेश के सभी 11 सीट भाजपा जीत रही है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश के लोगों के साथ छल किया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कई वादे किए थे, जो 5 साल बाद भी पूरे नहीं हुए। उल्टे भूपेश बघेल के कार्यकाल के दौरान जमकर भ्रष्टाचार हुआ। यही कारण है कि उनके कई नेता जेल में बंद हैं।

सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में जो काम किया है, वो काम कोई भी दूसरी सरकार नहीं कर सकती। उनके कार्यकाल के दौरान राम मंदिर का निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाया गया। ऐसे प्रधानमंत्री को फिर से तीसरी बार पीएम बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *