भारत और ईरान के बीच चाबहार बंदरगाह को लेकर 10 साल के अनुबंध पर हस्ताक्षर के बाद अब इस बंदरगाह के संचालन का पूरा अधिकार भारत के पास आ गया है। इसी के साथ चाबहार विदेश में भारत सरकार द्वारा संभाला जाने वाला पहला ऑपरेशनल बंदरगाह बन गया है। पाकिस्तान के कराची और ग्वादर के बंदरगाहों को दरकिनार करते हुए ईरान के रास्ते अफगानिस्तान और मध्य एशियाई देशों में माल परिवहन के लिए ओमान की खाड़ी में ईरान के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित चाबहार बंदरगाह को भारत लंबे समय से विकसित करते आ रहा है, जिसको आज अमलीजामा पहनाया गया। इसके लिए इंडियन पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड (आइपीजीएल) और पोर्ट एंड मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन ऑफ ईरान के बीच दीर्घकालिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।