आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीएस विभव कुमार को अदालत में पेश किया गया। तीस हजारी कोर्ट में शनिवार रात हुई सुनवाई में विभव को 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। दिल्ली पुलिस ने 7 दिनों की रिमांड मांगी थी। तीस हज़ारी कोर्ट में दो घंटे तक दोनों पक्षों की तरफ से दलीलें पेश की गईं, इसके बाद अदालत ने अपना फैसला सुनाया।इससे पहले अरुणा आसफ अली सरकारी अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच करवाई गई। मामले की जांच कर रही पुलिस सांसद स्वाति मालीवाल से मिलने उनके आवास पर पहुंची। सुनवाई के दौरान विभव के वकीलों ने अदालत को बताया कि पुलिस इस मामले में तथ्यों को तोड़-मरोड़ रही है। उन्होंने अदालत को यह भी बताया कि स्वाति मालीवाल बिना किसी पूर्व सूचना व अपॉइंटमेंट के मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं। उन्होंने किसी को यहां आने का उद्देश्य भी नहीं बताया।