देश के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में पिछले तीन दिनों से धूल भरी आंधी चल रही है। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने अपडेट में बताया है कि महाराष्ट्र समेत कुछ राज्यों में अगले पांच दिनों तक यानी 120 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश होने जा रही है। आईएमडी ने शनिवार को बताया कि महाराष्ट्र, तटीय और उत्तरी इंटीरियर कर्नाटक के इलाकों में अगले पांच दिनों तक भारी बरसात होगी। इसके अलावा, भारत में 9 जून से कुछ राज्यों में हीटवेव का नया दौर भी शुरू होने जा रहा है। वहीं, मॉनसून की एंट्री पर खुशखबरी आई है कि अब वह कई राज्यों की ओर बढ़ गया है।