अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने सोमवार को कहा कि कौशल, स्वास्थ्य, पोषण तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर कंपनी दुनिया पर एक छोटी सकारात्मक छाप छोड़ने में अपनी भूमिका अदा करना चाहती है। अडानी फाउंडेशन में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए गौतम अडानी ने कहा कि हर संख्या अपने-आप में बदलाव की, एक जीवन के सशक्तीकरण की और एक समुदाय को विकास का अवसर प्रदान करने की कहानी कहती है।गौतम अडानी ने कहा, मेरी पत्नी और अडानी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति हर शाम मुझे कम से कम एक ऐसी कहानी बताती है जहां एक जिंदगी को प्रभावित किया गया हो। ये प्रेरणा देने वाले जिंदगी के सबक हैं। अडानी फाउंडेशन अब तक 19 राज्यों के 6,769 गांवों के 91 लाख लोगों से जुड़ चुका है। कौशल विकास की पहल ‘अडानी सक्षम’ के तहत 1,69,000 युवाओं को जरूरी कौशल प्रदान कर सक्षम बनाया गया है ताकि वे अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकें और संभावित एंटरप्रेन्योर बन सकें।गौतम अडानी ने कहा, हेल्थ आउटरीच कार्यक्रम, जिसमें मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट और शिविर शामिल हैं, दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले 20 लाख से अधिक लोगों को जरूरी सेवाएं प्रदान कर चुका है। ‘सुपोषण’ परियोजना में 4,14,000 महिलाएं और बच्चे शामिल हो चुके हैं। यह भावी पीढ़ी की नींव मजबूत करने के लिए जरूरी पोषण प्रदान करने का अभियान है।