बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम मानसून ग्वालियर चंबल संभाग के पांच जिलों में पहुंच गया। मानसून के बादल झूमकर बरसे। ग्वालियर में दस साल में पहली बार मानसून की धमाकेदार एंट्री हुई। दो घंटे में करीब दो इंच (48.6 मिलीमीटर) बारिश दर्ज हुई। इस बार समय पर मानसून ग्वालियर आया है।मानसून की औपचारिक घोषणा मौसम विभाग 27 जून को करेगा। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिन तक शहर में झमाझम बारिश के आसार हैं। 29 से 30 जून के बीच भारी बारिश की संभावना है। जुलाई के पहले सप्ताह में भी मानसून के बादल मेहरबान रहेंगे। बुधवार को हुई बारिश से जून की औसत बारिश का कोटा भी पूरा हो गया।