भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए डबल अलर्ट जारी किया है। शिमला में शुक्रवार हुई भारी बारिश के बाद सात जिलों के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है। 12 जिलों में से सात जिलों में भारी बारिश, गरज चमक के साथ बौछार और बिजली गिरने की आंशका व्यक्त की गई है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के कारण बागानों, बागवानी, खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने, कमजोर पड़ गये ढांचों और मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचने की भी आशंका है।आईएमडी ने बताया है कि दक्षिण पश्चिमी मानसून शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के सभी हिस्सों में पहुंच गया। अब आने वाले सोमवार और मंगलवार को भी कई स्थानों पर भारी बारिश होगी। दो दिन के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार तक बारिश का यह दौर जारी रहेगा।