महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार (9 जुलाई) के लिए मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे और सतारा में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। IMD ने मुंबई में 12 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
मुंबई में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। BMC ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। मुंबई में रविवार (7 जुलाई) देर रात 1 बजे से सोमवार (8 जुलाई) सुबह 7 बजे तक छह घंटे में 300 मिमी से ज्यादा बारिश हुई थी। इस कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया।
भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण, मुंबई यूनिवर्सिटी में आज (9 जुलाई) को होने वाली सभी परीक्षाएं टाल दी गई हैं। नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। सभी स्कूल-कॉलेज भी बंद हैं। पुणे, रायगढ़ और नवी मुंबई में भी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
महाराष्ट्र के अलावा मौसम विभाग ने आज 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, गोवा और कर्नाटक शामिल हैं। 13 राज्यों- नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट है।