महाराष्ट्र के कई जिलों में तेज बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राज्य के 18 जगहों पर NDRF और मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा और सांगली में SDRF की तैनाती की गई है। पुणे में 24 घंटे में 114 मिमी बारिश हुई। यह 66 साल में तीसरा हाईएस्ट रहा।
इससे पहले 19 जुलाई 1958 को 24 घंटे में 130.4 मिमी और 27 जुलाई 1967 को 117.9 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यहां आज भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
उधर, गुजरात में तेज बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। यहां 10 से ज्यादा जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। सूरत में 24 घंटे में 5 इंच बारिश से मीठी और काकरा खाड़ी नदियां ओवरफ्लो हो रही हैं। यहां बाढ़ से करीब 1 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, 955 लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है।
26 जुलाई कहां बहुत भारी और भारी बारिश का अलर्ट :
बहुत भारी बारिश (6 राज्य): गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा।
भारी बारिश (12 राज्य): छ्त्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तमिलनाडु, केरल, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम।
मध्य प्रदेश: मौसम विभाग ने आज बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सतना में 9 घंटे में 88 मिमी, तो रतलाम में 80 मिमी बारिश हो गई। टीकमगढ़ में धसान नदी का जलस्तर बढ़ने से 24 जुलाई की रात बान सुजारा बांध के सभी 12 गेट खोलकर 480 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।