देशभर में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित 12 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। एमपी के विदिशा में बेतवा नदी का पानी पुल से ऊपर बह रहा है। नर्मदापुरम् में नर्मदा खतरे के निशान के करीब है।केदारनाथ यात्रा मार्ग से अबतक 10 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। केदारनाथ से 400 यात्रियों को चिनूक और एमआई17 हेलीकॉप्टरों से एयरलिफ्ट कर लिनचोली भेजा गया। चौमासी ट्रैक पर भेजे गए 110 यात्री सुरक्षित चौमासी पहुंचे हैं। बचाव कार्य में लगे हेलिकॉप्टर की संख्या बढ़ाई गई है। हेलीपैड पर 570 यात्री एयरलिफ्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।रामबाड़ा चौमासी ट्रैक से अब तक 534 से ज्यादा यात्रियों और स्थानीय लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। वहीं, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने लोगों को फ्री बस सर्विस उपलब्ध कराने का कहा है। लोगों को बसों के जरिए विश्राम गृहों में पहुंचाया जा रहा है। यहां उनके रहने और खाने-पीने की व्यवस्था है।
बीते दो दिन से पुणे जिले में भारी बारिश हो रही है। इसके कारण खड़कवासला, मुलशी, पवना और दूसरे बांध ओवरफ्लो हैं। रविवार को खडकवासला बांध से 35 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पुणे के कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। लोगों के रेस्क्यू और उनकी मदद के लिए इंडियन आर्मी, NDRF और SDRF की टीमों को तैनात किया गया है।मौसम विभाग ने मिजोरम में अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य, जिला और गांव स्तर की आपदा प्रबंधन समितियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को मिजोरम के अधिकांश स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। ।