प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड प्रभावित इलाका का दौरा किया। उन्होंने लैंडस्लाइड प्रभावित चूरलमाला, मुंडक्कई और पुंचिरीमट्टम गांवों का हवाई सर्वेक्षण किया। पीएम ने कहा कि ये त्रासदी सामान्य नहीं हैं। सैकड़ों परिवारों के सपने उजड़ गए। प्रकृति ने अपना रौद्र रूप दिखाया है। मैं ऐसे कई परिवारों से मिला जिन्होंने वो देखा और झेला।
मोदी सुबह 11 बजे स्पेशल विमान से कन्नूर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से वायनाड गए। उनका हेलीकॉप्टर वायनाड के कलपेट्टा में उतरा। पीएम सबसे पहले जी.वी.एच.एस. स्कूल वेल्लारमाला गए। इस स्कूल में 582 छात्र थे, जिनमें से 27 लैंडस्लाइड के बाद लापता हैं। प्रधानमंत्री ने स्कूल में 15 मिनट बिताए।
उन्होंने सीएम विजयन और केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी से पूछा कि कितने बच्चों ने अपने परिवार को खोया है। कलपेट्टा से मोदी सड़क के रास्ते लैंडस्लाइड प्रभावित इलाकों में गए और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने राहत शिविरों और अस्पतालों में पीड़ितों से मुलाकात की। PM मोदी चूरलमाला में 190 फुट लंबे बेली ब्रिज पर भी गए, जिसे भारतीय सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बनाया था।