जिले के त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के चाकघाट में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने समारोह में 33.68 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। भारी वर्षा तथा विपरीत मौसम के कारण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह को जबलपुर से वर्चुअली शामिल होकर संबोधित करते हुए कई सौगात दीं। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल तथा नगरीय विकास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी भी जबलपुर से वर्चुअली समारोह में शामिल हुईं।
चाकघाट में भारी वर्षा के बीच हजारों की भीड़ को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विन्ध्य विकास की उड़ान भरने के लिए तैयार है। विन्ध्य में विकास के सभी संसाधन उपलब्ध हैं। अगले माह रीवा में होने वाली इन्वेस्टर्स मीट से विंध्य क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित होंगे। इन्वेस्टर्स मीट से खनिज, पर्यटन और कृषि आधारित उद्योगों में भारी मात्रा में निवेश के साथ हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि रीवा विकास का मॉडल बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन साथ ही विधानसभा अध्यक्ष रहे स्व. श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी की जयंती है। आज भगवान विश्वकर्मा की जयंती है। इन सभी को नमन करने के लिए मैं चाकघाट आना चाह रहा था, लेकिन लगातार भारी वर्षा ने मुझे चाकघाट नहीं पहुंचने दिया। त्योंथर की जनता से जुड़कर मुझे बहुत खुशी हो रही है। आज प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रदेश के सभी जिलों में जन औषधि केन्द्रों का शुभारंभ किया है। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी को मैं हृदय से धन्यवाद देता हूँ। जन औषधि केन्द्र से आम जनता को सस्ती गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिलेंगी। बहनों तथा युवाओं को स्वरोजगार का अवसर देने के लिए शीघ्र ही नई योजनाएं शुरू की जाएंगी। दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए दूध उत्पादक किसानों को बोनस भी दिया जाएगा।