अमेरिकी की चेतावनी के बाद भी ईरान ने पूरे इजराइल पर मंगलवार की देर रात 10 बजे 180 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हालांकि, इसमें अब तक बड़े नुकसान की खबर नहीं है। तेल अवीव में 2 नागरिक घायल हुए हैं।
ये हमले पूरे इजराइल पर 30 मिनट तक किए गए। इस दौरान नागरिकों को बम शेल्टर में जाने को कहा गया।
हमले के बाद ईरान ने कहा कि नसरल्लाह की शहादत का यह पहला बदला है। यह तो अभी शुरुआत है। दरअसल, 27 सितंबर को इजराइल ने बेरूत में हिजबुल्लाह के हेडक्वार्टर पर हमला किया था। इसमें हिजबुल्लाह का चीफ हसन नसरल्लाह मारा गया था।
इजराइली सेना के प्रवक्ता डैनियल हागारी ने कहा कि इस हमले का नतीजा भुगतना होगा। हमारे पास प्लान है और हम अपनी मर्जी के मुताबिक समय और स्थान तय करके कार्रवाई करेंगे। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिका सेना को इजराइल की मदद करने को कहा।