महाराष्ट्र के पुणे जिले के बावधन बुद्रुक इलाके में बुधवार सुबह एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत होने की खबर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हादसा आज सुबह 7 बजे के आसपास हुआ। हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर में दो पायलट और एक इंजीनियर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि ऑक्सफोर्ड काउंटी रिजॉर्ट के हेलीपैड से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी थी और मुंबई के जुहू की ओर रवाना हुआ था। लेकिन उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही हेलीकॉप्टर घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। फिलहाल यह हादसा कैसे हुआ इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि धुंध के चलते यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
जहां हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ वह इलाका पुणे-बैंगलोर हाईवे से कुछ दूरी पर है। माना जा रहा है कि हेलीकॉप्टर धुंध में फंस गया था और फिर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हेलीकॉप्टर में आग लग गई।