इस साल देशभर में जमकर बारिश हुई। लगभग सभी राज्यों में से मानसून की विदाई हो गई है। बीते कुछ दिनों से अचानक तापमान में बढ़ोतरी हो गई है। गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में तीन अलग-अलग स्थानों से उठ रहे बवंडर के कारण भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 11 राज्यों में भारी बारिश और संभावित बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। यह बवंडर और उससे संबंधित निम्न दबाव क्षेत्र आने वाले दिनों में कई राज्यों में जल प्रलय का कारण बन सकते हैं।भारत मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी में एक साथ तीन स्थानों पर चक्रवाती परिसंचरण और एक स्थान पर निम्न दबाव बन रहा है। ये मौसमीय घटनाएँ प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का कारण बन सकती हैं। बांग्लादेश-मेघालय सीमा पर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी में और लक्षद्वीप के पास तीन चक्रवाती परिसंचरण बन रहे हैं।