भारत और मालदीव के बीच इस साल की शुरुआत में हुआ विवाद किसी से नहीं छिपा। हालांकि मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू को अपनी इस गलती का एहसास भी हो चुका है और वह भारत से माफी भी मांग चुके हैं। इस समय मुइज्जू अपनी पत्नी साजिदा मोहम्मद के साथ भारत के 4 दिवसीय दौरे पर आए हैं। वह भारत से संबंधों में न सिर्फ सुधार चाहते हैं, बल्कि मज़बूती के लिए भी प्रयास कर रहे हैं। मालदीव के मंत्री मोहम्मद सईद ने मई में दोनों देशों के संबंधों में मज़बूती के लिए भारतीय RuPay सर्विस को मालदीव में लॉन्च करने की जानकारी दी थी। हालांकि सईद ने इस बारे में कुछ नहीं बताया था कि यह सर्विस मालदीव में कब लॉन्च होगी। लेकिन अब वो इंतज़ार भी खत्म हो गया है, क्योंकि आज मालदीव में इसकी शुरुआत हो गई है।रुपे कार्ड पेमेंट्स सर्विस की आज सोमवार, 7 अक्टूबर को मालदीव में शुरुआत हो गई है। पैसों के ट्रांजैक्शन के लिए भारत में RuPay सर्विस एक बेहद ही काम की सर्विस है। पिछले कुछ समय में इस सर्विस को दूसरे कई देशों में भी लॉन्च किया गया, क्योंकि उन देशों ने भी इस भारतीय सर्विस की अहमियत को पहचाना है और आज मालदीव में भी इस सर्विस को लॉन्च कर दिया गया है। मालदीव के एक स्टोर पर एक व्यक्ति ने कुछ सामान खरीदा और पेमेंट के लिए अपने RuPay कार्ड का इस्तेमाल किया।