मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने बुधवार को एक बयान में कहा कि राज्य में हिंसा प्रभावित लोगों के लिए 7,660 घर बनाए जाएंगे। बीरेन सिंह ने कहा कि पिछले साल मई में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से कई परिवार अलग-अलग स्कूलों और कॉलेजों में रह रहे हैं। इन लोगों के लिए 7,660 अस्थायी घर बनाए जाएंगे। CM ने आगे कहा कि राज्य के नौ जिलों में अलग-अलग राहत शिविरों में रहने वाले विस्थापितों के लिए अस्थायी घरों के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है।
मुख्यमंत्री ने घरों के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया। उन्होंने राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों पर परियोजनाओं के संबंध में विवाद सुलझाने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। सीएम ने कहा कि कहा कि केंद्र द्वारा जल्द ही पहाड़ी और घाटियों दोनों में विकास कार्यों के लिए 1000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी जिलों के जिला मुख्यालय से 8-10 किलोमीटर के दायरे में पक्की सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 175 करोड़ रुपये होगी।