पहली बार सेंसेक्स 54,000 और निफ्टी 16,200 के पार

शेयर बाजार में बुधवार को लगातार तीसरे दिन बढ़त रही। जुलाई के मजबूत घरेलू आर्थिक आंकड़ों से बाजार के इंडेक्स रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गए हैं। पहली बार BSE सेंसेक्स 54,400 और निफ्टी 16,290 के पार पहुंच गया।

रिकॉर्ड बढ़त के चलते BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 23 मार्च 2020 के 101.86 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर, 4 अगस्त 2021 को 240.60 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। यह आंकड़ा देश की कुल GDP से भी ज्यादा है, जो 2020-21 के लिए 194.81 लाख करोड़ रुपए रही थी।

बाजार की बढ़त को समझें, तो केवल 2021 में ही सेंसेक्स 6,519 पॉइंट यानी 13.65% और निफ्टी 2,257 पॉइंट यानी 16.14% चढ़ा है। इसके अलावा मिड कैप और IT इंडेक्स में 30% तक की बढ़त रही। इस दौरान बाजार के हैवीवेट यानी बड़े शेयर्स ने जबरदस्त उछाल भरी।

SBI का शेयर 62%, इंफोसिस का 31%, TCS का 14%, बजाज फाइनेंस का 21% और रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 5.5% बढ़ा है। मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज से घरेलू बाजार में इनके शेयर टॉप-10 में शामिल हैं। इनमें से रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप सबसे ज्यादा 13.23 लाख करोड़ रुपए है।

कोरोनाकाल में बाजार शुरुआती गिरावट के बाद रिकॉर्ड तेजी से बढ़ा है। सेंसेक्स और निफ्टी 23 मार्च के सबसे निचले स्तर से दोगुना चढ़ चुके हैं। सेंसेक्स ने 25,981 से 110% चढ़कर 54,440 पॉइंट को छुआ। इसी तरह निफ्टी भी 7160 से 114% चढ़कर 16,290 पर पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *