भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया है। दरअसल, तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें देर शाम दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। पूर्व पीएम के निधन की खबर के बाद देश में शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस ने कर्नाटक के बेलगावी में चल रहे दो दिवसीय अधिवेशन को भी स्थगित कर दिया है। वहीं कर्नाटक में मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी समेत कांग्रेस के नेता दिल्ली लौट रहे हैं। पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।