₹10 करोड़ 50 लाख की लागत से बने एमआरआई सेवा केंद्र का उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किया लोकार्पण

₹10 करोड़ 50 लाख की लागत से बने एमआरआई सेवा केंद्र का उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किया लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश के सभी जिला चिकित्सालयों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने के लिये तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उनके ही जिले में उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। नागरिकों को उन्नत, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जिला चिकित्सालय भोपाल (जेपी हॉस्पिटल) में एमआरआई जांच सेवा केंद्र का लोकार्पण किया। एमआरआई सेवा प्रदान करने वाला जेपी हॉस्पिटल प्रदेश का पहला जिला चिकित्सालय बन गया है। 

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त और विस्तारित करने के लिए सरकार सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एमआरआई जांच सेवा उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में भी शीघ्र शुरू की जाएगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि यह सेवा सीजीएचएस दर से 30 प्रतिशत कम शुल्क पर नागरिकों को उपलब्ध होगी। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीकृत हितग्राहियों के लिए यह सेवा निःशुल्क रहेगी।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी स्वयं विकास कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे सुधार न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य की चुनौतियों को भी ध्यान में रखते हुए किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *